राष्ट्रीय (02/04/2015) 
किसानो को फसल का मुआवजा 30 दिन के भीतर मिलेगा-CM मनोहर लाल
 हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की गिरदावरी रिपोर्ट आने के 30 दिन के भीतर मुआवजा किसानों तक पहुंचा दिया जाएगा। वे आज हिसार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खराब फसल का मुआवजा उपलब्ध करवाने में वर्तमान सरकार पूर्व की सरकारों की तरह ढुलमुल रवैये वाली सरकार नहीं है बल्कि हमने फैसला किया है कि गिरदावरी रिपोर्ट जमा होने के 30 दिन के भीतर मुआवजे का चैक किसान के हाथ में होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को हुए नुकसान के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने फसली ऋणों की तीन साल के लिए रि-शैड्यूलिंग की है। इसके अलावा प्रभावित किसानों के वर्तमान फसल के ऋण के ब्याज को पूरी तरह से माफ कर दिया गया है। 
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि हांसी-रेलवे लाइन का प्रपोजल केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है। इस पर जल्द ही कार्रवाई होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शहर के साउथ बाईपास के लिए 14 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसका शेष कार्य जल्द ही पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज हिसार को तीसरा बड़ा वाटर वक्र्स समर्पित किया गया है जिससे 2.5 लाख लोगों को प्रति व्यक्ति 40 लीटर पानी प्रतिदिन मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिसार सब्जी मंडी के शहर से बाहर स्थानांतरित होने के कारण अब शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने हिसार में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के स्थानीय केंद्र को फिर से शुरू करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि हिसार में ई-गवर्नेंस के तहत एकल खिडक़ी सुविधा का आज से शुभारंभ किया गया है। इससे लोगों को अपने काम करवाने में काफी सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि योजना आयोग को नीति आयोग में बदला गया है जिससे अब केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे राज्यों के विकास को तेज गति मिलेगी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी प्र्रकार के पानी विवादों को सुलझाने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। 
परिवहन आयुक्त अशोक खेमका के तबादले के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी अधिकारी का तबादला प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जिस अधिकारी की जहां आवश्यकता होती है, उसे वहीं नियुक्त किया जाता है।
Copyright @ 2019.