राष्ट्रीय (29/03/2015)
सत्ता का सुख भोगने की बजाए सेवा का माध्यम बनाएंगे-मनोहर लाल
कैथल: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वे राजनीति को सत्ता का सुख भोगने की बजाए सेवा का माध्यम बनाएंगे। संपूर्ण प्रदेश में सभी के सहयोग से बिना किसी भेदभाव के एक समान विकास कार्य करवाए जाएंगे तथा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए मूलमंत्र सबका साथ-सबका विकास को चरितार्थ करते हुए कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री आज भारत विकास परिषद हरियाणा उत्तर शाखा द्वारा स्थानीय सैलीब्रेशन फार्म में आयोजित 14वें प्रांतीय अधिवेशन में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारत विकास परिषद को स्थानीय हुडा सैक्टर 19 में एक प्लाट तथा 5 लाख रुपए की धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने वासी कल्याण आश्रम को भी 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन से की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वे शासन की मौजूदा पद्धति को छोड़कर भ्रष्टाचार मुक्त नई शासन पद्धति अपनाएंगे तथा अब तक होने वाले कार्यों को भुलाकर पारदर्शी प्रशासन प्रदेश वासियों को देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकास की गति अभी धीमी जरूर है, लेकिन विकास की दिशा बिल्कुल सही है। जल्दी ही विकास की गति को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने परिषद को 46 शाखाएं बनाने पर भी बधाई दी तथा उन्हें इन शाखाओं को गांव-गांव तक ले जाने का भी आह्वान किया। मनोहर लाल ने कहा कि बिना संस्कारों के शिक्षा अधूरी है। गीता एक ऐतिहासिक व मार्ग दर्शक ग्रंथ है। इस मार्ग दर्शक ग्रंथ की शिक्षाओं व संस्कारों को शिक्षा में जोड़कर बच्चों को संस्कारवान बनाया जाएगा। इससे दिशा बाधक समाज को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सरकार का यह संकल्प दोहराया कि भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। वे जनहित के कार्य करके ज्यादा से ज्यादा जनता का विश्वास हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा सम्पर्ण, सेवा, सहयोग, संस्कार तथा संपर्क के मंत्र को आत्मसात करके समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश अपने सदस्यों को दिया जाता है। संस्था का मूल उद्देश्य अपने सदस्यों में समाज सेवा के संस्कार प्रबल करना है। उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक संघ में कार्य करते हुए नि:स्वार्थ एवं सेवा भाव से समाज की भलाई के लिए कार्य किया है और इस दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता संख्या 25 लाख को पार कर चुकी है तथा देश भर में 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत प्रदेश के 15 सांसदों ने एक-एक गांव गोद लिया है तथा इसी योजना की तर्ज पर प्रदेश के 90 विधायकों द्वारा भी एक-एक गांव गोद लिया जाएगा और इन गांवों को आदर्श गांव बनाया जाएगा। इस प्रकार प्रदेश के 105 गांव आदर्श गांव बनेंगे। उन्होंने भारत विकास परिषद के सदस्यों का आह्वान किया कि वे आदर्श गांव के तहत चुने गए गांवों में अपना सक्रीय सहयोग दें। मुख्यमंत्री ने परिषद द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों व गतिविधियों में सक्रीय योगदान देने वाली 4 लड़कियों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक तथा कैथल शाखा के संरक्षक डा. अशोक गर्ग ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीता राम पारीक ने की। इस मौके पर मुख्यमंत्री के करनाल कैंप कार्यालय के ोएसडी अमरेंद्र सिंह, सांसद राजकुमार सैनी, गुहला विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर, पूंडरी विधायक दिनेश कौशिक, परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यशपाल गुप्ता, क्षेत्रीय संरक्षक फकीर चंद अग्रवाल, उपायुक्त के.मकरंद पांडुरंग, पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी, अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश कैथल आरके सिंह, उपमंडलाधीश कलायत अश्वनी मैंगी, उप पुलिस अधीक्षक टेकन राज शर्मा, सुशील बिंदलिश, अशोक गुप्ता, राजकुमार मित्तल मौजूद रहे। राजकुमार अग्रवाल |
Copyright @ 2019.



