राष्ट्रीय (17/11/2014) 
बदमाशों ने गोली मारकर किया घायल
- युवकों ने बदमाशों से मांगी थी साइड 
- पुलिस ने रोडरेज का मामला दर्ज किया है 
- वारदात के बाद इलाके के लोग दहशत में है  

नई दिल्ली। फर्श बाजार इलाके में गली में साइड मांगने को लेकर बदमाशों ने बाइक सवार दो दोस्तों पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली लगने से एक दोस्त घायल हो गया जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, तो दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पीडि़त को जख्मी हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फर्श बाजार थाना पुलिस इस बाबत मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश कर रही है।
                                              पुलिस के मुताबिक नितिन 30 अपने परिवार के साथ मकान संख्या-305, डूंगर मौहल्ला, फर्श बाजार इलाके में रहता है। परिवार में उसकी पत्नी पायल और एक डेढ़ साल का बेटा है। शनिवार रात नितिन अपने दोस्त सौरव सूद के साथ बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान गली में उन्हें तीन युवक खड़े हुए मिले। नितिन बाइक चला रहा था और इसी बीच नितिन ने उन युवकों को साइड में खड़ा होने के लिए कह दिया। इसके बाद उन युवकों की नितिव व उसके दोस्त के साथ कहासुनी हो गई। इसी बीच बदमाशों ने उनपर गोली चला दी। इस दौरान बदमाशों तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली नितिन की कमर में लगी और दूसरी बाजू में लगी। इस बीच सौरव गोली लगने से बाल-बाल गया। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच तीनों बदमाशों के दो और साथी वहां पहुुंचे और दो बाइकों पर बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना के चलते पीडि़त को डॉ हेडगेवार अस्पताल पहुुंचाया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बाबत फर्श बाजार थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रोडरेज का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके के लोग खौफजदा है। 

Copyright @ 2019.