राष्ट्रीय (16/11/2014) 
ऑटो पलटने से एक की मौत,तीन घायल

नई दिल्ली। खजूरी खास इलाके में शुक्रवार देर रात एक ऑटो पंचर होने से पलट गया,जिसमें चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर तीन की हालत स्थिर बताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान राम सिंह(45)के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ चमन विहार,राजा कालोनी,लोनी में रहता था। परिवार में पत्नी राधा दो बेटी और एक बेटा है। राम सिंह का तुर्कमान गेट इलाके में चाय की दुकान थी। शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर राम सिंह ऑटो से घर के लिए निकला था। ऑटो में चालक समेत तीन और लोग थे। खजूरी खास स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास आने पर अचानक ऑटो  के टायर का पंचर हो गया। जिससे ऑटो पलट गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को गुरू तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने राम सिंह को मृत घोषित कर बाकी की हालत स्थिर बताई। पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


Copyright @ 2019.