राष्ट्रीय (09/11/2014)
लोगों को घर बैठे मिलेगी अचल सम्पति की रजिस्ट्री - मुख्यमंत्री मनोहर लाल

हरियाणा सरकार की निकट भविष्य में अचल सम्पति की रजिस्ट्री लोगों के घरों तक पहुंचाने की योजना है। योजना पर कार्य शुरू हो चुका है और इसको अगले लगभग एक महीने बाद शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल आज रोहतक में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अचल सम्पतियों की रजिस्ट्री को लेकर तहसील में होने वाले कार्य के बारे में काफी शिकायतें रहती है। निकट भविष्य में ऐसी व्यवस्था की जाएगी जिससे जमीन खरीदने वाले और बेचने वाले आवेदन के बाद संबंधित भूखंड की रजिस्ट्री उसके मालिक के घर उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को शुरू करने के लिए योजनागत तरीके से काम शुरू कर दिया गया है। उच्च अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिलाया है कि इस व्यवस्था को लगभग महीने बाद शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर इस नई व्यवस्था में कोई कमी मिलती है तो उसे दूर करने पर भी काम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भूखंड मालिक के घर पहुंचने वाली रजिस्ट्री में भी अगर कोई गलती होती है तो उसे भी दूर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा लागू की जाने वाली व्यवस्थाओं में अगर कमी मिलती है तो संबंधित अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विकास करने और भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के साथ प्रदेश की जनता के बीच गए थे। जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप हरियाणा में कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि ये उनका रोहतक का पहला दौरा है। उन्होंने लोगों से मिलकर उनकी शिकायतों के बारे में जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बीच जाकर ही लोगों की परेशानियों का पता चलता है और जनता को भी उनकी सरकार से काफी इच्छाएं होती है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर खुलने वाली मुख्यमंत्री विंडों पर दी जाने वाली प्रत्येक शिकायत पर निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि वे केन्द्रीय मंत्रीमंडल के विस्तार समारोह में भी शामिल हुए हैं। आज केन्द्रीय सरकार के मंत्रीमंडल का पहला विस्तार हुआ है, जिसमें हरियाणा को भी प्रतिनिधित्व मिला है, जिससे उन्हें काफी खुशी है। हरियाणा से चौधरी बीरेंद्र सिंह को केन्द्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार व्यक्त करते हैं। इस अवसर पर विधायक मनीष ग्रोवर, उपायुक्त डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, डीआईजी सौरभ सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त आर.सी.बिधान और एसडीएम दलबीर फौगाट सहित जिला के अन्य अधिकारी मौजूद थे। |
Copyright @ 2019.