राष्ट्रीय (08/11/2014) 
हीरे-जवाहरात लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली,लोकसत्य। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हजरत निजामुद्दीन इलाके में हीरे-जवाहरात लूटने वाले दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आशीष (22) और जयवीर (27) के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगढ़,हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे हुए जवाहरात भी बरामद कर लिए हैं।
अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त अशोक चांद ने बताया कि इस वर्ष के 10 अक्टूबर को कूरियर के लिए काम करने वाले कर्मचारी को आरोपियों ने हजरत निजामुद्दीन इलाके के एक होटल में जवाहरात पार्सल करने के लिए बुलाया था। बदमाशों ने जवाहरात मुंबई पार्सल भेजने के लिए उसे जल्द आने को कहा था। जब कर्मचारी होटल पहुंचा तो बदमाशों ने उसे होटल के कमरे में बांध कर उसके सारे जवाहरात छीन लिए जो विभिन्न जौहरियों के पास से पार्सल के लिए इकट्ठा किया था। कूरियर कर्मचारी को बदमाश होटल के कमरे के बाथरूम में बंद कर फरार हो गए। इस संबंध में हजरत निजामुद्दीन थाने में केस दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नजफगढ़ इलाके में ट्रैप लगाकर दो आरोपी का गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से पुलिस ने लूटे गए जवाहरात बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी आशीष ने खुलासा किया कि वह मैकेनिकल ट्रेड में पोलीटेक्निक किया है। नौकरी न मिलने के कारण वह पहार गंज के एक कूरियर में काम करने लगा जो विभिन्न जगहों पर जवाहरात भेजने का काम करता था। एक बार उसे कंपनी ने आभूषणों का पार्सल गुड़गांव ले जाने को दिया तो आरोपी आशीष उस पार्सल को लेकर फरार हो गया और दुबारा कंपनी में नहीं गया। इस संबंध में गुड़गांव के डीएलएफ फैज-2 थाना इलाके में केस दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने संबंधित थाने को सूचना भेज दिया है।
Copyright @ 2019.