राष्ट्रीय (08/11/2014) 
दुष्कर्म के बाद आरोपी चाचा ने बनाई अश्लील वीडियो
नई दिल्ली।  सिविल लाइन थानाक्षेत्र के मजनूं का टीला इलाके में 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी युवक किशोरी का रिश्ते में दूर का चाचा बताया जा रहा है। वह पीड़िता के पड़ोस में रहता है। मामला शुक्रवार को तब सामने आया जब डीयू से एमए कर रही एक छात्रा को दुष्कर्म का वीडियो मिला और उसने किशोरी की मां को यह वीडियो दिखाया। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो व आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहित सदर बाजार में एक दुकान पर काम करता है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने माता-पिता के साथ मजनूं का टीला इलाके में रहती है। उसके माता-पिता सब्जी बेचते हैं। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता का आरोप है कि रोहित ने रक्षाबंधन से दो दिन पहले दुष्कर्म किया था। इसके बाद दीपावली से एक हफ्ते पहले दुष्कर्म किया था। उस दौरान रोहित ने उसका 29 मिनट का वीडियो बना लिया था। उसने ब्ल्यूटूथ से वीडियो अपने कुछ खास दोस्तों को भेज दिया था। धीरे-धीरे वह वीडियो कई लोगों के पास पहुंच गया। जब यह डीयू की छात्रा को मिला तो उसने पीड़िता की मां को बताया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस शुक्रवार रात 12 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर मजनूं का टीला पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लेकर आई। सूचना मिलने पर काउंसिलिंग के लिए दिल्ली महिला आयोग की अधिवक्ता सुब्रा मेंहदीरत्ता वहां आ गई थीं।

Copyright @ 2019.