राष्ट्रीय (31/10/2014) 
आरजी गुप्ता को डिस्कॉम्स चेयरमेन पद से हटाकर ऊर्जा विभाग में लगाया सलाहकार
जयपुर। चौकाने वाले घटनाक्रम में शुक्रवार को राजस्थान डिस्कॉम्स के चेयरमेन आर. जी. गुप्ता को पद से हटा दिया। हालांकि उन्हें ऊर्जा विभाग के सलाहकार पद पर लगाया है। वहीं जयपुर डिस्कॉम के एमडी व राजस्थान डिस्कॉम्स के चेयरमेन के पद पर ऊर्जा सचिव संजय मल्होत्रा को लगाया है।

ऊर्जा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर व पूर्व ऊर्जा सचिव आलोक को हटाने के बाद बिजली कंपनियों में यह बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

नई सरकार बनने के बाद राजस्थान डिस्कॉम्स के चेयरमेन पद पर आर. जी. गुप्ता के साथ ही विवाद का दौर शुरू हो गया था। बाद में केंद्र की प्रतिनियुक्ति से लौटे आईएएस आलोक को ऊर्जा सचिव बनाने के बाद विवाद बढ़ गया।
 
जयपुर डिस्कॉम के एमडी पद पर जून में एके गुप्ता को हटा कर अर्जुनसिंह को लगाने के बाद बिजली कंपनियों मे गुटबाजी का दौर शुरू हो गया। इसी दौरान टेंडर व तबादलों को लेकर हुए विवाद के बाद अर्जुनसिंह बीमारी की दलील देकर लंबी छुट्टी पर चले गए और सितंबर अंत में अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
 
इसके बाद कार्यवाहक एमडी जी आर चौधरी पर तबादलों के विवाद पर लंबी छुट्टी चले गए। पूरे प्रकरण से ऊर्जा मंत्री व चेयरमेन का विवाद खुले में आ गया और आईएएस बीके दोसी को एमडी का चार्ज देकर इंजीनियरों के तबादले किए गए। इन तबादलों के दौर में कुछ इंजीनियरों को एक गुट विशेष का बता कर दूरदराज के इलाकों में भेजा गया।
 
इसी विवाद के चलते मंत्रीमंडल विस्तार के बाद ऊर्जा मंत्री को बदल कर मुख्यमंत्री ने खुद के पास चार्ज ले लिया और ऊर्जा राज्य मंत्री लगा दिया। वहीं ऊर्जा सचिव आलोक को भी हटा कर संजय मल्होत्रा को लगा दिया।

Copyright @ 2019.