राष्ट्रीय (31/10/2014) 
सीएम व सीएस ने दिलाई राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ
जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार सुबह मुंबई के लिए उडान भरने से पहले मालवीय नगर स्थित​ राजकीय बालिका स्कूल पहुंच गईं। वे यहां छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ दिलाने पहुंचीं।

इधर, राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करने के साथ ही सी.एस. राजन ने भी सचिवालय में यही काम किया। उन्होंने ​सचिवालय के सभी अधिका​रियों और कर्मचारियों को इस प्रकार की शपथ दिलाई।
 
मुख्य सचिव के पद के कामकाज की उनकी शुरुआत ही राष्ट्र भावना विकसित कराने के साथ हुई। यह आयोजन भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर पूरे देश में हो रहा है। उसी के तहत प्रदेश में भी एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। एकता दौड के आयोजन हुए।
 
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में शपथ दिलाने के साथ ही मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि देश के एकीकरण में उनका बहुत बड़ा योगदान था। उन्होंने आह्वान किया कि इस अवसर पर हम देश की एकता और अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा अपना जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित करने का संकल्प लें।
 
यही सरदार पटेल के प्रति राष्ट्र की सच्ची श्रद्घांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को जीवन में अंगीकार करें। इस अवसर पर हम गांव, गली, कस्बे, शहर और राज्य के उत्थान के लिए प्राणपन से जुटने का भी प्रण करें। अपने राष्ट्र को सबसे उत्कृष्ट बनाने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमारा सतत योगदान जरूरी है।
 
छात्राओं के बीच पहुंचीं वसुंधरा
मुख्यमंत्री शपथ दिलाने के बाद छात्राओं के बीच गईं, उनसे संवाद किया। राजे ने छात्राओं से उनके नाम पूछे, उनके साथ फोटो खिंचवाए। हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया। जब मुख्यमंत्री छात्राओं के बीच पहुंचीं तो छात्राएं अत्यधिक उत्साहित थीं।

मुख्यमंत्री ने यह दिलाई शपथ
मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेती हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगी और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगी।
 
मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रही हूं जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा सम्भव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करती हूं।

Copyright @ 2019.