राष्ट्रीय (29/10/2014) 
महाराष्ट्र के दूसरे सबसे युवा सीएम होंगे देवेन्द्र, 21 साल बाद कमान होगी विदर्भ के हाथ
नागपुर. देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। और राज्य में भाजपा के पहले। भाजपा विधायक दल ने मंगलवार को उनके नाम पर मुहर लगा दी। वे शुक्रवार शाम चार बजे शपथ लेंगे। इसके साथ ही विदर्भ को 21 साल बाद एक बार फिर राज्य की कमान संभालने का माैका मिला है।

44 साल के फडणवीस महाराष्ट्र के 27 वें मुख्यमंत्री होंगे।  विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद फडणवीस पार्टी नेताओं के साथ राज्यपाल सी. विद्यासागर राव से मिले। और सरकार बनाने का दावा किया। इसके बाद फडणवीस मीडिया से मुखातिब हुए। बताया, �राज्यपाल ने शपथ ग्रहण के 15 दिन के भीतर बहुमत साबित करने को कहा है।� यानी 31 अक्टूबर को शपथ के बाद 15 नवंबर से पहले-पहले। फडणवीस  महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष भी हैं। 
 
चुनाव के समय से ही इस पद की रेस में सबसे आगे थे।  भाजपा ने चुनाव में नारा भी दिया था, �दिल्ली में नरेंद्र, महाराष्ट्र में देवेंद्र�। मंगलवार शाम चार बजे भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद इस नारे पर मुहर लग गई।  एकनाथ खडसे ने फडणवीस  के नाम का प्रस्ताव रखा।  सुधीर मुनगंटीवार, विनोद तावड़े और पंकजा मुंडे ने इसका समर्थन किया। बैठक में पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी महासचिव जेपी नड्डा भी थे।
 
27 में मेयर 44 में सीएम
 
देवेंद्र फडणवीस  संघ और पार्टी नेतृत्व दोनों के करीबी हैं। नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी रैली में कहा था, �देवेंद्र देश को नागपुर द्वारा दिया गया उपहार हैं।� फडणवीस  राज्य के दूसरे ब्राह्मण सीएम हैं। पहले ब्राह्मण सीएम मनोहर जोशी (1995-99) थे। वहीं वे राज्य के दूसरे सबसे कम उम्र के सीएम होंगे। इसके पहले शरद पवार 37 की उम्र में सीएम बन चुके हैं।

नागपुर महानगर पालिका में देवेंद्र 27 साल की उम्र में मेयर बने। फिर 29 की उम्र में विधायक और अब 44 में मुख्यमंत्री। देवेन्द्र ने लॉ की डिग्री हासिल की है। वे बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट। इकोनॉमी पर दो किताबें लिख चुके हैं।

Copyright @ 2019.