राष्ट्रीय (29/10/2014) 
राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस में मची होड़, सोनिया और मुलायम को मनाने में जुटे दिग्गज
लखनऊ. 'एक अनार सौ बीमार' यह पंक्तियां कांग्रेस के लिए बेहद सटीक बैठ रही हैं। संगठन की ताकत न होते हुए भी राज्यसभा जाने के लिए संगठन में होड़ मची हुई है। जोड़-तोड़ की राजनीति में कांग्रेसी दिग्गज पार्टी की अध्यक्षा सोनिया गांधी और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को मनाने में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस खेमे में पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, मुलायम के मित्र रहे बेनी प्रसाद वर्मा, रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री का नाम चर्चा में है। बताया जाता है कि कांग्रेस के मोहम्मद अदीब फिर से राज्यसभा पहुंचने की लॉबिंग कर रहे हैं। 
 
बसपा के सहयोग से आदिब राज्यसभा पहुंचे थे। उन दिनों राज्य में बसपा की सरकार थी। हालांकि आदिब को टिकट मिलने की उम्मीद कम है। वहीं मुलायम के मित्र रहे अमर सिंह भी अपनी फिराक में हैं। कांग्रेस में सबसे बड़ा पेंच अजित सिंह को लेकर है। रालोद के 8 विधायक हैं। यदि अजित सिंह ने साथ छोड़ा तो कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। 
 
उपचुनाव में रालोद ने दिया था सपा का साथ
 
दूसरी तरफ अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर संकट में पड़े अजित के सामने भी सपा का सहारा लेना सियासी मजबूरियां हैं। मुलायम और अजित की बढ़ रही नजदीकियों से कांग्रेस में बेचैनी है। बता दें कि विधानसभा की 12 और एक लोकसभा सीट के उपचुनाव में रालोद ने उम्मीदवार न उतार कर अप्रत्यक्ष रूप से सपा का साथ दिया था। सपा ने विधानसभा की 10 और मैनपुरी लोकसभा सीट पर जीत हासिल कर भाजपा को तगड़ा झटका दिया था। वहीं कांग्रेस का उपचुनाव में खाता भी नहीं खुल सका।

Copyright @ 2019.