राष्ट्रीय (06/10/2014) 
यूपी में धूमधाम से मनाई जा रही है बकरीद
लखनऊ. कुर्बानी का पर्व बकरीद सोमवार को यूपी में धूमधाम से मनाई जा रही है। इलाहाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, झांसी, कानपुर, वाराणसी आदि जिलों के लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह है। सुबह से ही लोग ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा करने पहुंच रहे हैं। हर जिले के मस्जिदों और ईदगाहों में पुलिस फोर्स तैनात किए गए हैं।

लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने लोगों को नमाज अदा करा रहे हैं। इस दौरान पुराने लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है।
 
सीएम अखिलेश यादव और राज्यपाल राम नाईक ने लोगों को बकरीद की बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा कि ईद-उल-अजहा दुआ मांगने और कुर्बानी देने का पर्व है। यह हमें सभी गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए तैयार रहने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर राज्यपाल और सीएम के अलावा विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, संसदीय कार्यमंत्री मोहम्मद आजम खां और स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने भी प्रदेशवासियों को इस मौके पर बधाई दी।
 
मेरठ में अदा हुई बकरीद की नमाज
 
मेरठ में ईद-उल-अजहा बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां सुबह से ही ईदगाह में नमाज के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान अल्लाह के सजदे में हजारों सिर झुके। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बकरीद की बधाई दी। सभी ने अमन शांति की दुआ भी मांगी। यहां तीन दिन तक कुर्बानी का पर्व मनाया जाएगा।

Copyright @ 2019.