राष्ट्रीय (06/10/2014) 
बिहार: मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बंद कराने पर गुस्‍साई भीड़ ने फूंकी सरकारी गाड़‍ियां
छपरा/पटना. छपरा में सोमवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बंद कराने से आक्रोशित भीड़ पुलिस से भिड़ गई। पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल, मौके पर तनाव व्याप्त है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया। आक्रोशित लोगाें ने उन्हें छुड़ाने के लिए थाने का घेराव किया।

इसके बाद पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना में पुलिस के भी कुछ जवान घायल हुए हैं।
 
गाड़ियों में लगाई आग
कुछ लोग सोमवार सुबह डीजे बजाते हुए मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे थे। बीच रास्ते में पुलिस ने उन्हें डीजे बंद करने को कहा। इसी बात पर लोग भड़क गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस जीप पर पथराव कर दिया और कई सरकारी गाड़ियों में आग लगा दी। भीड़ ने रास्ते में खड़ी जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने फौरन कमान संभाली और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद आक्रोशित लोग वहां से भाग गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। मौके पर आईजी मुजफ्फरपुर और सारण कमिश्नर पहुंचे। आईटीबीपी के जवानों को भी तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने स्वयं भारी पुलिस बल के बीच मूर्ति का विसर्जन किया।

Copyright @ 2019.