राष्ट्रीय (03/10/2014) 
शिल्पोत्सव में बॉलीवुड का लगेगा तड़का
नोएडा। हर साल की भांती इस साल भी शिल्पोत्सव के आयोजन की तैयारियां शुरू हो चली है। नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश टूरिज्म विभाग की ओर से आयोजित होने वाले शिल्पोत्सव में हर शाम बॉलीवुड सितारे जलवा बिखेरेंगे।

11 से 20 अक्टूबर तक शिल्पोत्सव का आयोजन सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में  किया जाएगा। यूपी टूरिज्म के निदेशक अभिलाश शर्मा ने बताया कि शिल्पोत्सव के पहले दिन बॉलीवुड गायक विनोद राठौर अपनी आवाज के जादू से लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 12 अक्तूबर को ममता शर्मा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। 13 अक्तूबर को अजमत अली और रागनी मक्कड़ सूफी राग छेड़ेंगे। 14 अक्तूबर को गायिका शिल्पा राव का कार्यक्रम होगा। 15 को कॉमेडियन जिवेशु अहलूवालिया दर्शकों को गुदगुदाएंगे। 17 अक्तूबर को कव्वाल एहसान भारती का कार्यक्रम होगा। एहसान घुंघरू की आवाज मुंह से निकालने में माहिर हैं। 19 अक्तूबर को भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी का कार्यक्रम होगा। 16 और 18 अक्तूबर को स्थानीय कलाकारों और छात्रों को मौका मिलेगा।
शर्मा ने बताया कि इस बार शिल्पोत्सव में श्रीलंका, अफगानिस्तान, मालदीव, भूटान, बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल के शिल्पकार अपना हुनर दिखाएंगे। चीन, थाइलैंड, मलयेशिया व सिंगापुर की भागीदारी पहले से ही हो रही है। शिल्पोत्सव में लजीज व्यंजनों के स्टाल भी लगाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि नोएडा स्टेडियम में लगने वाले शिल्पोत्सव का इंतजार नोएडावासियों को बेसब्री से रहता है। क्योंकि इसमें जमकर शॉपिंग के साथ-साथ मस्ती-मनोरंजन का मौका मिलता है। इसमें एंट्री के लिए भी लोगों को कोई ज्यादा शुल्क भी नहीं देना पड़ता। महज कुछ रूपयों में ही एंट्री हो जाती है।

Copyright @ 2019.