राष्ट्रीय (01/10/2014) 
सिर्फ सपा ही जनता की समस्याओं को समझती है : राजेन्द्र चौधरी
नोएडा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि भाजपा और कांग्रेेस जैसे दल इन दिनों 'जमीनी सियासत के बजाय 'दिखाऊ राजनीति के अलमबरदार बने हुए हैं।

ये दल हमेशा आराम के साथ जनता की समस्याओं को उठाने का नाटक ही करते रहे हैं, जनता की तकलीफें दूर करने की लड़ाई लडऩे से दूर-दूर रहे हैं। बसपा को तो जनता की तकलीफों से कभी कोई लेना-देना रहा ही नहीं। उसके पांच साल के राज में लोकतंत्र की हवा में लोग सांस लेने को भी तरस गए थे। तब अकेली समाजवादी पार्टी ही जनता के लिए जूझ रही थी और जनसमस्याओं को संसद से सड़क तक उठा रही थी।
भाजपा के पास जब कहने को कुछ नहीं रहा तो कानून व्यवस्था का पुराना राग अलापने लगे हैं जो निराधार है। भाजपाइयों ने ढाई साल में कई जगह अशांति फैलाने की चेष्टाएं की किन्तु उसमें सफल नहीं हो सके। जनता ने उन्हें उपचुनावों में भी नकार दिया। प्रदेश में कानून का राज है और कानून तोडऩेवालों के साथ समाजवादी सरकार सख्ती से निपट रही है। भाजपा नेता बस विरोध के लिए जनता को बरगालने और भ्रमित करने की कोशिश में लगे रहते हैं। उनके साथ जनता का समर्थन नहीं है।    
उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपाइयों की प्रदेश के विकास में कोई रूचि नहीं है। भाजपा और बसपा ने, जब भी प्रदेश में उनकी सरकारें रही, सिवाय राजनीतिक स्वार्थ साधने के जनहित में विकास के कोई कार्य नहीं किए। इन्होंने प्रदेश की जनता का अहित ही किया। कांग्रेस राज्य और केन्द्र में लगातार कई दशकों तक सत्ता में रही लेकिन उसने घोटालों में ही अपनी सारी ताकत लगा दी। हारे थके कांग्रेसजनो को अब जनता की सुध आ रही है। लेकिन उन्हें जनता की बात करने का कोई हक नहीं है। आज जो तमाम समस्याएं लोगों को परेशान किए हैं उसमें कांग्रेस का भी हाथ है।
उत्तर प्रदेश में जब से समाजवादी पार्टी की सरकार बनी है, लोकतंत्र मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव लगातार विकास के एजेण्डा को आगे बढ़ा रहे हैं। इसमें विपक्षी दलों को रचनात्मक सहयोग करना चाहिए। लेकिन वे तो सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाना ही भूल गए है। भाजपा और कांग्रेस की विरोध के नाम पर अनर्गल बयानबाजी और जनता के प्रति झूठी हमदर्दी जताने के लिए धरना-प्रदर्शन की नौटंकी अब उनके काम नहीं आएगी। जनता बहुत जागरूक हो गई है।

Copyright @ 2019.