राष्ट्रीय (30/09/2014)
राम-जानकी विवाह देख झूमें दर्शक

नोएडा। सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम में
रविवार शाम रामलीला के चौथे दिन राम जानकी विवाह का दृश्य दिखाया गया।
भगवान राम सीता को जयमाला पहनाते हैं। इसके बाद राम के राज्याभिषेक की
घोषणा व मंथरा- कैकेयी संवाद की लीला दिखाई गई। रानी कैकेयी की दासी मंथरा
राम की जगह भरत को राजगद्दी दिलाने और राम को वनवास के लिए समझाती है। दशरथ कैकेयी का संवाद होता है, जिसमें कैकेयी राजा दशरथ को पूर्व में दिए दो वचन याद दिलाकर राम को वनवास व भरत को राजा बनाने की मांग करती है। अगले दृश्य में राम लक्ष्मण व सीता वन गमन करते हैं। राम के वियोग में राजा दशरथ अपने प्राण त्याग देते हैं। कार्यक्रम में बीपी अग्रवाल, सूबे यादव, डीपी गोयल, सहित सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं सनातन धर्म रामलीला समिति की लीला में राम बारात का स्वागत किया गया। वहीं, भगवान राम व सीता के विवाह की लीला दिखाई गई। इसके अलावा कन्यादान व विदाई का दृश्य भी दिखाया गया। विवाह के बाद राजा दशरथ राम के राज्याभिषेक की घोषणा करते हैं। अयोध्या में उल्लास का माहौल है। इसके बाद कैकेयी कोप भवन में चली जाती है। वहां मंथरा-कैकेयी संवाद आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, कैकेयी का वरदान मांगना, भगवान राम के वन गमन व दशरथ मरण की लीला भी दिखाई गई। श्रीराम केवट संवाद की लीला अंत में हुई। इस मौके पर किशन लाल गुप्ता, राजेंद्र गर्ग, संजय बाली, टीएन गोविल, टीएन चौरसिया, पंकज जिंदल, सुंदर सिंह राणा, कुलदीप गुप्ता, एसकेएस राणा, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उधर, बजरंग रामलीला के प्रमुख दृश्यों में धनुष यज्ञ की लीला दिखाई गई। इसमें देश-विदेश के राजा-महाराजा पहुंचे हुए थे। उन्होंने धनुष को उठाने का प्रयास किया। लेकिन किसी से भगवान शिव का धनुष टस से मस तक नहीं हुआ। अंत में भगवान राम ने धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष टूट गया। धनुष टूटने के बाद लक्ष्मण-परशुराम संवाद आकर्षण का केंद्र रहा। |
Copyright @ 2019.