राष्ट्रीय (27/09/2014) 
राम जी का हुआ जन्म
नोएडा। सेक्टर-21 ए स्थित नोएडा स्टेडियम में श्रीराम मित्र मंडल समिति द्वारा आयोजित मंचन में बीते दिन रामजी का जन्म हो गया। इसके बाद राजा दशरथ को पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ की लीला दिखाई गई। उसके बाद भगवान के नामकरण और शिक्षा के लिए आश्रम पहुंचने का दृश्य प्रस्तुत किया, वहीं मारीच और सुबाहु का अत्याचार की लीला दिखाई गई।

महर्षि विश्वामित्र के आश्रम में भगवान राम ताड़का और सुबाहु का वध करते हैं। इस कार्यक्रम का संचालन मुन्ना शर्मा कर रहे हैं। इसके अलावा रामलीला देखने भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इस दौरान  सूबे सिंह यादव, राघवेन्द्र दूबे, ओमपाल राणा, भीषण यादव, डीपी गोयल मुजाहिद अली, मोहम्मद नौशाद आदि उपस्थित थे।
जबकि शहर की दूसरी रामलीला  सेक्टर-33 में सनातन धर्म रामलीला द्वारा आयोजित कराई जा रही है। बीती रात मंचन में भगवान श्रीराम के जन्म की लीला दिखाई गई। राक्षसों के अत्याचार से पीडि़त मुनि विश्वामित्र राजा दशरथ से राम और लक्ष्मण को आश्रम ले जाने आते हैं।
वहीं मारीच और सुबाहु के साथ युद्ध की लीला भी दिखाई गई। मंचन के दौरान कृष्णलाल गुप्ता, प्रताप मेहता, पंकज जिंदल, गोपाल अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उधर, सेक्टर-12 में बजरंग रामलीला समिति में पहले दृश्य में रावण जन्म की लीला दिखाई गई। इसके बाद रावण तपस्या का दृश्य और रावण विवाह की लीला भी दिखाई गई। राजा दशरथ के पुत्रेष्ठि यज्ञ करने की लीला दिखाई गई। बाल भगवान के नामकरण के बाद उनको पढ़ाई के लिए गुरुकुल भेजे जाने का मंचन किया गया। कार्यक्रम में राधा कृष्ण गर्ग, देवेश राय, अनुराग गोविल, अनिरुद्ध त्यागी, शिवलाल सिंह, मुकेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सलारपुर में महर्षि आश्रम लीला समिति द्वारा में दिखाया गया किस प्रकार राक्षसों के अत्याचार से आश्रम के मुनि परेशान हैं। राजा दशरथ राम-लक्ष्मण को मुनियों के साथ भेजते हैं। यहां राम के ताड़का का वध, मारीच व सुबाहु के साथ युद्ध की लीला भी दिखाई गई। इस मौके पर विनोद सचान, गिरीश अग्निहोत्री, एसएन सिंह, एसपी गर्ग सहित कमेटी के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रामलीलाओं में बीते दिन भगवान श्रीराम के जन्म और अयोध्या में खुशी का मंचन किया गया। आदर्श रामलीला कमेटी सूरजपुर में तीसरे दिन परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए संवाद मंचन को देख दर्शक रोमांचित हो गए। यहां सीता स्वयंवर, जनकपुर राज दरबार और सीता विवाह का मंचन हुआ। इस अवसर पर बाबू राम जिंदल, मंत्री जयदेव शर्मा, कोषाध्यक्ष योगेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह, संयोजक भोपाल भाटी मौजूद रहे। वहीं, दिव्य ज्योति रामलीला समिति कुलेसरा में श्रीराम जन्म से लेकर ताड़का वध और नगर भ्रमण की लीला की गई। लीला का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष लीले राम, उपाध्यक्ष डा. रतन राय और सलाहकार अनूप कुमार अम्बष्ठ ने किया।
श्री धार्मिक लीला कमेटी ग्रेटर नोएडा में रावण दरबार, देवासुर संग्राम की लीला का रोचकता के साथ मंचन किया गया। श्री रामलीला कमेटी रबूपुरा में निषाद-लक्ष्मण संवाद, केवट का भगवान राम के प्रति प्रेम और महर्षि वाल्मीकि से मुलाकात तक की लीला की गई। इससे पहले रामलीला का प्रारंभ कमेटी के प्रधान लाल चंद तायल, घनश्याम दास सिंघल और रूप लाल कौशिक ने भगवान श्रीराम की आरती उतार कर किया।
लव-कुश धार्मिक रामलीला कमेटी दादरी में अहिल्या उद्धार व पुष्प वाटिका तक की लीला हुई। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष पवन बंसल और महासचिव केशव गोयल उपस्थित रहे।
जेवर के नवदुर्गे मंदिर में नवरात्र पर आयोजित रासलीला में श्रीकृष्ण जन्म की लीला की गई। इस अवसर पर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स धारक जादूगर वीके हरी ने अपने जादू से लोगों को हैरत में डाल दिया।
बृज क्षेत्र की आस्था से जुड़ी रामलीला में तीसरे दिन पहले दृश्य में रावण दरबार का मंचन किया गया। इसमें रावण के दरबारी ने कहा कि महाराज दिल्ली से नर्तकी बुलाई है, रावण ठहाका लगाकर नर्तकी को दरबार में लाने की आज्ञा देता है। नर्तकी दरबार में फिल्मी धुन पर बजे एक गाने पर नृत्य करती है और रावण उसे वापस भेज देता है। रामलीला में तीसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि एसपी पतराम सिंह मौजूद थे।

Copyright @ 2019.