राष्ट्रीय (26/09/2014) 
भगवान शिव के मोक्ष से शुरू हुआ मंचन
नोएडा। शहर में अलग-अलग स्थानों पर रामलीला मंचन शुरू हो गया है। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में यूपी के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने पूजा अर्चना के बाद विधिवत् रूप से रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजन समिति श्री मित्र मंडल की ओर से भव्य शुरूआत की गई।

उद्घाटन के बाद काक भुषुंडी गरूडज़ी को राम की कथा सुना रहे हैं। दूसरे दृश्य में नारद जी को भ्रमण करते दिखाया गया। यहां एक स्थान पर नारद जी तपस्या करते हैं। कामदेव उनकी तपस्या भंग करने का प्रयास करते हैं। इसके बाद नारद अभिमान व विष्णु श्राप की लीला दिखाई गई। लीला के आखिरी दृश्य में रावण का साधु संतों पर अत्याचार करते दिखाया गया। तब सभी भगवान से अवतार लेने को कहते हैं। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ पीके अग्रवाल, प्रिया गोल्ड के सीएमडी बीपी अग्रवाल, सपा के जिलाध्यक्ष फकीरचंद नागर, महानगर अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व अध्यक्ष सूबे सिंह यादव, भीषम यादव, डीपी गोयल, मनोज पंडित, राघवेन्द्र दूबे, ओमपाल राणा, देवेन्द्र अवाना, राजेश अवाना, मोहम्मद नौशाद, चंदन यदुवंशी, मुजाहिद अली, तसलीम खान, मोहम्मद अफाक आलम आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर, सेक्टर-33 स्थित रामलीला मैदान में श्री सनातन धर्म रामलीला समिति की ओर से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। यहां रामलीला का उद्घाटन नोएडा के विधायक विमला बाथम ने किया। गणेश पूजन से रामलीला की शुरूआत हुई। इसके बाद गणेश वंदना, सरस्वती वंदना की प्रस्तुति हुई। रामलीला मंचन के पहले दृश्य में रावण मोक्ष पाने के लिए भगवान शिव से ज्ञान प्राप्त करता है। इसके बाद उसके अत्याचार की लीला दिखाई गई। साधुओं के भगवान से कष्ट निवारण और भगवान के अवतार लेने के आश्वासन का दृश्य दिखाया गया। वहीं नारद मोह की लीला भी दिखाई गई। इस मौके पर कृष्ण लाल गुप्ता, टीएन गोविल, सुशील भारद्वाज, टीएन चौरसिया, रमेश कुमार, एसकेएस राणा, चंद्रपाल, अल्पेश गर्ग, संजय बाली, सुंदर राणा, अनिल शर्मा आदि उपस्थित थे।
सेक्टर-12 में बजरंग रामलीला संचालिका समिति ने प्राइमरी स्कूल में रामलीला की शुरूआत की है। यहां विष्णु भगवान की आरती के साथ मंचन शुरू किया गया। जिसका उद्घाटन कोतवाली सेक्टर-24 प्रभारी पंकज पंत एवं संस्थापक और संरक्षक बीएल पांडेय ने किया। इसके पहले दृश्य में नारद को पर्वतों पर घूमते देखा गया। इसके अलावा इंद्र दरबार व नारद मोह का मंचन हुआ। नारद विष्णु की आराधना करते हैं। इंद्र का सिंहासन हिल जाता है। विश्वमोहिनी स्वयंवर की लीला दिखाई गई। नारद के श्राप देने के दृश्य के साथ लीला की समाप्ति हुई। इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष शिवलाल सिंह, निर्देशक अशोक कुमार पांडेय, राधा कृष्ण गर्ग, केएम त्रिपाठी, अनुराग गोविल, एसएन पांडेय, विपिन पांडेय, मुकेश सहित सभी अन्य सदस्य व कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उधर, सलारपुर स्थित महर्षि नगर में महर्षि आश्रम लीला समिति में सबसे पहले रामचरित मानस की वंदना हुई। इसके अलावा गणेश वंदना की प्रस्तुति हुई। रामलीला के दृश्यों में भगवान राम के जन्म की लीला दिखाई गई। भगवान राम के बाल्यकाल की लीलाओं का दृश्य दिखाया गया। इसके बाद मंचन में भगवान को आश्रम में विद्या अध्ययन करते दिखाया गया। इसी के साथ लीला की समाप्ति हुई। रामलीला का उद्घाटन महर्षि आयुर्वेद के चेयरमैन आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर कमेटी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Copyright @ 2019.