राष्ट्रीय (19/09/2014)
पुलिस से भिड़े किसान, दर्जनों घायल

गाजियाबाद। दिल्ली में चौधरी चरण सिंह
स्मारक बनाने की मांग और रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह की कोठी का
बिजली-पानी कनेक्शन काटने के विरोध का असर नोएडा में भी देखा गया। दिल्ली
को गंगाजल आपूर्ति बाधित करने की मांग को लेकर गौतमबुद्धनगर टीम के भारतीय
किसान यूनियन कार्यकर्ता मुरादनगर के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान मुरादनगर
के साथ-साथ कई अन्य स्थानों पर किसानों की भीड़ंत पुलिस से हुई थी। किसानों को प्रशासन ने नोएडा एक्सटेंशन में रोक लिया और गिरफ्तार कर लिया। मीडिया प्रभारी नरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गौतमबुद्धनगर टीम के कार्यकर्ता दिल्ली में रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह की कोठी का बिजली-पानी कनेक्शन काटने के विरोध दर्ज कराने मुरादनगर रवाना हुए। किसानों में भारी आक्रोश था। रालोद मुखिया के साथ हुई घटना को किसान बर्दाश्त नहीं कर पाए और वे मुरादनगर के लिए रवाना हुए थे लेकिन पुलिस ने उन्हें नोएडा एक्सटेंशन में गिरफ्तार कर लिया। जिसमें 60 से ज्यादा किसान शामिल थे। मौके पर भाकियू के जिलाध्यक्ष अजयपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष विभोर शर्मा, तहसील अध्यक्ष अमित कुमार, मीडिया प्रभारी नरेश शर्मा, हरीश, उमेश, पवन, मनोज चौधरी आदि किसान बड़ी संख्या में मौजूद थे। |
Copyright @ 2019.