राष्ट्रीय (30/06/2013)
कांग्रेस पार्टी की शानदार जीत ने भाजपा को उसकी सही जगह दिखाई : मुकेश अग्निहोत्री
उद्योग तथा सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि मण्डी संसदीय सीट पर कांग्रेस पार्टी की शानदार जीत ने भाजपा को उसकी सही जगह दिखा दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व भाजपा बड़े बड़े हवाई दावे कर रही थी, जिनकी मण्डी संसदीय चुनाव क्षेत्र के प्रबुद्ध मतदाताओं ने हवा निकालकर रख दी है। मुकेश अग्निहोत्री ने मण्डी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह तथा कांग्रेस उपाध्यक् राहुल गांधी के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों की जीत है। उन्होंने कहा कि यह वीरभद्र सिंह के करिश्माई नेतृत्व का ही परिणाम है कि कांग्रेस को मण्डी सीट के अन्तर्गत आने वाले 17 विधानसभा क्षेत्रों में से 16 में भारी बढ़त प्राप्त हुई है। उन्होंने इसे मण्डी संसदीय चुनाव क्षेत्र के मतदाताओं तथा आम कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की जीत बताते हुए कहा 2014 के आम चुनावों में देश और प्रदेश के मतदाता भाजपा का इससे भी बुरा हश्र करने जा रहे हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की इस जीत ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा का जनाधार खत्म होता जा रहा है और लोगों का उसमें कोई भी विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल में भाजपा ने जिस तरह प्रदेश में क्षेत्रवाद फैलाकर लोगों को बांटने का काम किया, उसका करारा जवाब प्रदेशवासियों ने विधानसभा चुनावों में दे दिया था। अब मण्डी संसदीय क्षेत्र के लोगों ने यह बता दिया है कि भाजपा एक डूबता हुआ जहाज है। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ कांग्रेस ने 2014 में होने वाले आम चुनाव के लिए विजय अभियान शुरू कर दिया है और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी। अग्निहोत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने तरह तरह के बेबुनियाद एवं मनघडंत आरोप कांग्रेस सरकार पर लगाए, जिनका जवाब प्रदेश की जनता ने उसे बखूबी दे दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार खाली खजाने और प्रदेश पर 28500 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई थी। कांग्रेस सरकार ने छः महीने के शासन काल में अनेक योजनाएं चलाकर समाज के सभी वर्गों का कल्याण किया है तथा प्रदेश की वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की छः महीनों की उपलब्धियों के आगे पूर्व भाजपा सरकार का पांच साल का कार्यकाल भी फीका नजर आता है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश की राजनीति में वीरभद्र सिंह का कोई सानी नहीं है और उन्होंने अपने बलबूते पर ही इस चुनाव को एकतरफा बना दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यह कहते नहीं थकते थे कि मण्डी चुनाव से वे केन्द्र सरकार की कब्र खोदने का काम आरम्भ करेंगे। किन्तु प्रदेश के प्रबुद्ध मतदाताओं ने उन्हें ही आइना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव नतीजे का देश की राजनीति पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मण्डी चुनाव क्षेत्र के मतदाताओं ने इस चुनाव के माध्यम से केन्द्र की यूपीए सरकार तथा प्रदेश सरकार द्वारा आम आदमी के विकास और कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर अपने समर्थन की मोहर लगाई है। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि वे कांग्रेस सरकार की बेवजह आलोचना करने के बजाय आत्मालोचन करें और विधानसभा चुनावों तथा अब लोकसभा उपचुनाव में अपनी हार को शालीनता के साथ स्वीकार करें।
|