राष्ट्रीय (15/09/2012) 
आईएनएस सुदर्शनी एक ऐतिहासिक यात्रा पर---रक्षा मंत्री ए.के. ऐंटनी
भारतीय नौसेना की समुद्री प्रशिक्षण जहाज आईएनएस सुदर्शनी आसियान (एएसईएएन) देशों के साथ चले आ रहे मजबूत रिश्तों के उत्‍सव के उपलक्ष्‍य में कोच्चि से एक ऐतिहासिक मिशन पर रवाना होगी। शनिवार को रक्षा मंत्री श्री ए.के. ऐंटनी इसे 6 महीने की यात्रा पर कोच्चि के नौसेना बेस से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेगें। यह यात्रा रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय का एक संयुक्‍त प्रयास है।

अपने इस पूरी यात्रा के दौरान आईएनएस सुदर्शनी दक्षिण पूर्वी एशिया के 9 देशों के 13 पत्‍तनों पर पहुंचेगी। यह यात्रा आसियान देशों के साथ चले आ रहे 20 वर्षों की वार्ता साझेदारी तथा 10 वर्षों के शिखर सम्‍मेलन स्‍तरीय साझेदारी के उपलक्ष्‍य में शुरू की जा रही है।

आईएनएस सुदर्शनी 3 खम्‍भों पर आधारित एक बार्क है जो दक्षिणी नौसेना कंमाड की प्रथम प्रशिक्षण स्‍क्‍वाड्रन का हिस्‍सा है, जिसकी कमान कंमाडर एम. श्‍याम सुंदर ने संभाल रखी है। इस जहाज में 31 क्रू के अतिरिक्‍त 30 कैडेट्स शामिल हैं जो यात्रा के दौरान समुद्री जीवन का प्रशिक्षण लेगें। यह जहाज पदांग, बाली, मनाडो (इंडोनेशिया), पोर्ट मुआरा (ब्रुनेई), सेबु, मनीला (फिलिपिन्‍स), दा नंग (वियतनाम), सिंहानोउकविल्‍ले (कंबोडिया), बैकांक (थाइलैंड), सिंगापुर, पोर्ट कलंग (मलेशिया), फुकेट (थाइलैंड), तथा सित्‍तवे (म्‍यांमार) जैसे पत्‍तनों की यात्रा करेगी। इस दौरान इन पत्‍तनों पर आपसी जन-संपर्क कार्यक्रम के अलावा सांस्‍कृतिक और व्‍यापारिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अपनी यात्रा पूरी करने के बाद यह जहाज 29 मार्च, 2013 को कोच्चि लौट आयेगा।
Copyright @ 2019.