राष्ट्रीय (28/04/2015) 
हरियाणा में लड़कियों के लिए खुलेंगे विद्यालय
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेवात जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने, विशेषकर लड़कियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए आज नई पहल करते हुए जिले में 19 नये प्राथमिक विद्यालय खोलने, 50 विद्यालयों को अपग्रेड करने तथा केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से सम्बद्ध दो नए मेवात मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।
    मुख्यमंत्री ने यह निर्णय आज यहां हरियाणा सिविल सचिवालय के कमेटी कक्ष में बुलाई गई मेवात विकास बोर्ड की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए लिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मेवात विकास बोर्ड की परियोजनाएं स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर अधिक से अधिक केन्द्रित करने व मेवात जिले के चापेड़ा, नूह में चालक प्रशिक्षण स्कूल खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के भी निर्देश दिये।
    बैठक में मुख्यमंत्री ने इस बात पर हैरानी व्यक्त की कि बोर्ड की पिछली बैठक 17 जून, 2010 को बुलाई गई थी। उसके उपरांत कोई बैठक आयोजित नहीं की गई जबकि आम तौर पर बोर्ड की बैठक हर वर्ष बुलाई जानी आवश्यक होती है। बोर्ड के सदस्यों विशेषकर मेवात के विधायकों ने बैठक बुलाए जाने के लिये की गई पहल पर मुख्यमन्त्री का विशेष आभार व्यक्त किया।
    उन्होंने कहा कि मेवात विकास बोर्ड व शिवालिक विकास बोर्ड जैसे निकायों का गठन इन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिïगत किया गया है और इसी के अनुरूप योजनाएं बनाई जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने मेवात जिले में अध्यापकों के लिए विशेष भत्ता देने तथा हरियाणा परिवहन की बसों की व्यवस्था करवाने की भी आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र में शिक्षा के प्रति विशेष जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है ताकि अभिभावक लड़कियों को भी उच्चतर शिक्षा के प्रति प्रेरित करें। 
    बैठक में बोर्ड के वर्ष 2015-16 के 29 करोड़ रुपये के  बजट को मंजूरी दी गई। बैठक में इस बात की जानकारी दी गई कि बोर्ड द्वारा जिले में 8 मेवात मॉडल स्कूलों का भी संचालन किया जा रहा है। मेवात विकास एजेंसी के माध्यम से योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। 
    राष्टï्रीय भवन निर्माण निगम द्वारा निर्माणाधीन भवनों के कार्य को अधर में लटकाए रखने पर कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यह कार्य 15 महीनों के अन्दर-अन्दर पूरा करवाना सुनिश्चित किया जाए अन्यथा कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मोनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। 
    बैठक में गुडग़ांव मंडलायुक्त डी सुरेश ने बोर्ड की गतिविधियों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि बोर्ड का गठन 1980 में किया गया था तथा वर्तमान में इसके 37 सदस्य हैं। मुख्यमंत्री ने पलवल जिले के उपायुक्त व परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भी बोर्ड के सदस्य के रूप में शामिल करने को कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का स्तर कम होने के कारण मेवात के युवक ड्राईविंग में अन्य छोटे कर्यों में ज्यादा रूचि रखते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक चालक प्रशिक्षण स्कूल नहीं संचालित होता तब तक यहां के युवाओं को कैथल, बहादुरगढ़ व रोहतक के चालक प्रशिक्षण स्कूलों में प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। 
    बैठक में मुख्यमन्त्री को अवगत करवाया कि इन्द्री व मलाब में बहुतकनीकी संस्थानों में कक्षाएं शैक्षणिक सत्र 2015-16 से आरम्भ करवा दी जाएगी। मुख्यमन्त्री ने औद्योगिक मॉडल टाऊनशिप रोज-का-मेव विकसित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को कहा। यह मेवात के लिए विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। रेवासन में बहुतकनीकी संस्थान आई एम टी रोज-का-मेव के उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप किया जाएगा। मेवात जिले की शिशु-मातृ मृत्यु दर की भी समीक्षा की गई। नूह व अन्य स्थानों पर हरियाणा हाऊसिंग बोर्ड के मकानों की विशेष मरम्मत करवाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
    मुख्यमन्त्री ने मेवात जिले की सामाजिक समस्याओं की जानकारी भी विधायकों से ली ताकि प्राथमिकता के आधार पर परियोजनाएं इन्हीं के अनुरूप तैयार की जाएं।
    बैठक में वित्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, सहकारिता राज्य मंत्री विक्रम सिंह यादव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक जाकिर हुसैन, नसीम अहमद, रहीशा खान, केहर सिंह रावत, तेजपाल तंवर, मुख्य सचिव डी एस ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कौशल, राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दलीप सिंह, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्त सचिव पी के दास, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव टी सी गुप्ता, मेवात के उपायुक्त अशोक सांगवान के अलावा बोर्ड के अन्य सदस्य व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। 
Copyright @ 2019.