
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अगले माह से एक हजार पूर्व सैनिकों की पुलिस में भर्ती की जाएगी। उन्होंने लोगों को अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक होने का आह्वान करते हुए कहा कि योग्यता के आधार पर जल्द ही 12 हजार कांस्टेबल भी भर्ती किए जाएगें। उन्होंने बताया कि स्कूलों में परीक्षा के पुराने सिस्टम को फिर से लागू करके मासिक टैस्ट लिए जाएगें। उन्होंने यह जानकारी जिला जींद में गांव धड़ौली की गौशाला में पूर्व गोपाल नस्ल सुधार केन्द्र का उद्घाटन के भव्य गौभक्त सम्मान समारोह के दौरान संबोधित करते हुए दी। उन्होंने रविवार को गांव धड़ौली की गौशाला तथा गांव पिल्लूखेड़ा स्थित आदर्श कन्या गुरूकुल को 11-11 लाख रूपए देने की घोषणा की। हरियाणा में देश का सबसे सख्त गौवध निषेध कानून बनाने पर इस समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा कृषि एंव पशुपालन मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को गौभक्तों द्वारा विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। |



