राष्ट्रीय (10/04/2015) 
मिशन इंद्रधनुष की सफलता से स्वस्थ होगा प्रदेश: सवीता
लाडवा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में किया विद्यार्थियों को जागरूक
लाडवा: कस्बे के लाडवा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बृहस्पतिवार को विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कॉलेज के विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पहुंची सवीता रानी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए गए मिशन इंद्रधनुष को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किए गए इस टीकाकरण अभियान के तहत बच्चों की आठ रोगों से रक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में सहयोग दें, ताकि देश के भविष्य को रोग मुक्त किया जा सके और देश स्वस्थ बने। उन्होंने जानकारी दी कि नवजात से लेकर किस-किस उम्र में बच्चों को कौन-कौन सा टीका लगवाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य श्याम चरण वशिष्ठ ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किया गया यह अभियान सराहनीय है और हर नागरिक को इसमें अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत से जुड़े व विद्यार्थियों की इसमें विशेष भूमिका रह सकती है। उन्होंने इस अभियान के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील भी की ताकि स्वस्थ बच्चे देश के उत्थान में अपनी भागेदारी निभा सकें। कार्यक्रम में डॉ. नानक सिंह व डॉ. गुरप्रीत सिंह ने भी अपने विचार रखे तथा मंच का संचालन मनु सरीन ने किया। मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर हरविंद्र कौर, प्रदीप कुमार, बबली, मिंटू, रूपा, सुशील कुमार, धर्मबीर, सुनील समेत विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
Copyright @ 2019.